सतीश शर्मा
बलौदाबाजार, 21 मई 2026

बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में जंगली बायसन के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना बलौदाबाजार जिले के वन विकास निगम परियोजना परिक्षेत्र रवान की है, जहां मंगलवार सुबह तेंदूपत्ता संग्रहण और रोजमर्रा के काम से जंगल की ओर गए ग्रामीणों पर बायसन ने हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम गजराडीह निवासी देवेंद्र साहू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बायसन के सींग लगने से उनके पेट में गहरा घाव हो गया था। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मुरूमडीह की पंचबाई ठाकुर और रवान की गायत्री यादव भी हमले में घायल हुई हैं, जिनका निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी रवान ने मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की है। विभाग ने शासन के प्रावधानों के अनुसार अतिरिक्त क्षतिपूर्ति राशि देने की भी बात कही है।
वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों से जंगल क्षेत्र में जाते समय सतर्क रहने और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



