सतीश शर्मा
रायपुर, 25 मई 2026

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रायपुर प्रेस क्लब द्वारा 30 मई को “पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव” का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को प्रेस क्लब परिसर में कार्यकारिणी एवं विभिन्न समितियों की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं।
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक लेकर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में नव नियुक्त सदस्यों के साथ विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक, सलाहकार सदस्य, पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व महासचिव भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद “पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव” के सफल आयोजन के लिए गठित समितियों की अलग-अलग बैठकें हुईं, जिनमें आयोजन के स्वरूप, जिम्मेदारियों और कार्यक्रम की सफलता को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
सर्वसम्मति से तय किया गया कि यह विशेष आयोजन दिनभर चार सत्रों में आयोजित होगा। प्रथम सत्र शुभारंभ सत्र रहेगा, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। दूसरे सत्र में हिंदी प्रिंट मीडिया की 200 वर्षों की यात्रा और उसकी भूमिका पर चर्चा होगी। तीसरे सत्र में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और न्यू मीडिया की चुनौतियों एवं संभावनाओं पर वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।
आयोजन के अंतर्गत एक विशेष सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें पत्रकार साथियों की प्रस्तुतियों के साथ संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
बैठक में महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित कार्यकारिणी और विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
रायपुर प्रेस क्लब ने सभी पत्रकारों, मीडिया संस्थानों और नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की है।



