सतीश शर्मा
रायपुर, 26 मई 2026

ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के पर्व को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम समाज से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं का पालन कानून और सामाजिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत न हों।
डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम समाज से आग्रह किया कि कुर्बानी खुले या सार्वजनिक स्थानों पर न की जाए और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से पूरी तरह बचा जाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है और अनावश्यक विवाद की स्थिति बन सकती है।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने नमाज को लेकर भी अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा न की जाए। यदि नमाजियों की संख्या अधिक हो तो शिफ्ट में नमाज पढ़ने की व्यवस्था की जाए, ताकि आम लोगों और बहुसंख्यक समाज को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना ही समाज और प्रदेश के हित में है।



