बिलासपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय के नाम से मिलती-जुलती पहचान वाली एक फर्जी वेबसाइट का मामला सामने आया है। इस वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी से जुड़े विज्ञापन धड़ल्ले से प्रदर्शित किए जा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने वेबसाइट को पूरी तरह फर्जी बताते हुए इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
वेबसाइट पर ऑनलाइन जुआ और लॉटरी का प्रचार
जानकारी के मुताबिक, वेबसाइट का डोमेन नाम advocategeneralcg.com है। इसके मुख्य पेज पर ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी से जुड़े कई विज्ञापन दिखाई दे रहे हैं। वेबसाइट खोलने पर JARI4D नाम से ऑनलाइन सट्टे का प्रचार नजर आता है। इसमें ‘Togel Macau’ और ‘Toto Macau’ जैसी श्रेणियां भी प्रदर्शित की गई हैं। इसके अलावा 10 हजार रुपए के प्रचारात्मक संदेश, सट्टे में इस्तेमाल होने वाले नंबर और इनाम से जुड़ी सामग्री भी दिखाई दे रही है।

एडवोकेट जनरल बोले- पूरी तरह फर्जी है वेबसाइट
मामले पर एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने स्पष्ट किया है कि यह वेबसाइट पूरी तरह फर्जी है। हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय की ओर से ऐसी कोई वेबसाइट नहीं बनाई गई है। उन्होंने इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

वेबसाइट पर भर्ती के विज्ञापन और अलग-अलग तस्वीरें
इस वेबसाइट पर केवल सट्टे और लॉटरी का प्रचार ही नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विज्ञापन भी दिखाई दे रहे हैं। मुख्य पेज पर स्वामी विवेकानंद की तस्वीर लगाई गई है। वहीं, एक पेज पर एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा की फोटो और दूसरे पेज पर पूर्व एडवोकेट जनरल प्रफुल्ल भारत की तस्वीर के साथ उनकी जीवनी भी दी गई है।
वेबसाइट को वास्तविक दिखाने के लिए इसमें संविधान के अनुच्छेद 165, 177 और अन्य कानूनी प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया है।
साइबर सेल करेगी तकनीकी जांच
मामले में अब यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि वेबसाइट किसने बनाई और इसका संचालन कहां से किया जा रहा है। साइबर सेल और जांच एजेंसियों के माध्यम से इसकी तकनीकी जांच कराए जाने की बात कही जा रही है।
साइबर सेल प्रभारी तिवारी के मुताबिक, वेबसाइट के डोमेन पंजीकरण, सर्वर, संचालन और विज्ञापन नेटवर्क की तकनीकी जांच के जरिए इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान की जा सकती है।
सबसे गंभीर बात यह है कि वेबसाइट के नाम में ‘Advocate General CG’ शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इससे आम लोगों को इसके छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय से जुड़े होने का भ्रम हो सकता है, जबकि वेबसाइट पर ऑनलाइन जुआ और लॉटरी का प्रचार किया जा रहा है।


