28 Nov 2026, Sat

CGPSC में अध्यक्ष की नियुक्ति पर हाईकोर्ट नाराज: सरकार ने 2 सप्ताह में नियुक्ति का दिया भरोसा, 14 दिसंबर को अगली सुनवाई

बिलासपुर, 28 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को दो सप्ताह के भीतर अध्यक्ष नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि तय समय में नियुक्ति नहीं होने पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच में मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और अगले दो सप्ताह के भीतर नियुक्ति कर दी जाएगी।

कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करने का दिया सुझाव

सुनवाई के दौरान मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया गया। याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि यदि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में समय लग रहा है तो भर्ती प्रक्रिया प्रभावित होने से बचाने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। इससे इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकेगी।

पहले भी हाईकोर्ट दे चुका है 10 दिन का समय

इस मामले में हाईकोर्ट ने 26 अक्टूबर 2026 को सुनवाई के दौरान आयोग और राज्य सरकार को 10 दिन का समय दिया था। कोर्ट ने अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नियुक्ति को लेकर अब तक ठोस प्रगति नहीं होने पर कोर्ट ने नाराजगी जताई।

14 दिसंबर को फिर होगी सुनवाई

पढ़ें   फसल बीमा में छत्तीसगढ़ नंबर-1: पीएम फसल बीमा व मौसम आधारित योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बना

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और CGPSC को 14 दिसंबर 2026 को अगली सुनवाई के दौरान नियुक्ति की प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने उम्मीद जताई है कि अगली सुनवाई तक आयोग को नियमित या कार्यवाहक अध्यक्ष मिल जाएगा। ऐसा नहीं होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

सुनवाई के दौरान CGPSC की ओर से कुछ दस्तावेज भी पेश किए गए, जिन्हें हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड पर ले लिया है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *