सतीश शर्मा
रायपुर, 28 मई 2026/ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में कल से अगले तीन दिनों तक आमों की बहार रहेगी और समूचा माहौल आममय रहेगा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन और प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव 2026 का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका 29 मई को अपरान्ह 4 बजे करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की 250 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। यहां आम की उन्नत किस्मों के पौधे तथा फल विक्रय हेतु आमजनों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आम की देशी-विदेशी 250 से अधिक किस्में देखने को मिलेंगी
राष्ट्रीय आम महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, बाम्बे ग्रीन, चौसा, मालदा, हिमसागर, सुंदरजा, केसर, अलफांसो, तोतापरी, नीलम, बैगनफल्ली, पैरी, सिंदूरी और फजली सहित कई व्यावसायिक किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
संकर किस्मों में मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, अम्बिका, रत्ना, सिंधु और अर्का पुनीत शामिल होंगी। वहीं विशिष्ट किस्मों में हाथीझुल, नूरजहां, लड्डू और गुलाब खास जैसी प्रजातियों के उत्पादक भाग ले सकेंगे।
एक्जोटिक यानी आयातित किस्मों की प्रतियोगिता में मियाजाकी, टॉमी एटकिन्स और गोल्डन नगेट्स को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम पर केंद्रित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
आम महोत्सव में आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिताएं, आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिताएं, आम सजावट प्रतियोगिता, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, आम आधारित मॉडल और बोनसाई प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी।
विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, महिलाएं तथा अन्य सामान्यजन भी पंजीयन कर भागीदारी कर सकेंगे। आयोजन में पंजीयन और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
प्रतिभागी नेक्टर, शर्बत, पना, आम का अचार, आम की चटनी, आम पापड़, आमरस, जैम और मिठाई जैसे आम से बने उत्पादों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे।
प्रकृति की ओर सोसायटी की ओर से आम की 11 गुठलियां लाने वाले व्यक्तियों को उन्नत किस्म का आम का पौधा दिया जाएगा। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय आम से बनने वाले व्यंजन बनाना भी सिखाएंगी।
आम उत्पादन, प्रसंस्करण और समस्या समाधान पर तकनीकी सत्र भी होंगे आयोजित
आयोजन के पहले दिन 29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनी तीनों दिन रात 9 बजे तक आमजनों के लिए खुली रहेगी।
दूसरे दिन 30 मई को आम उत्पादक किसानों और जिज्ञासुओं के लिए “आम उत्पादन समस्या एवं समाधान” विषय पर तकनीकी मार्गदर्शन और परिचर्चा आयोजित होगी। इसमें आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
तीसरे दिन 31 मई को सफल आम उत्पादक किसानों और उद्यमियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। अंतिम दिन प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह भी आयोजित होगा।
आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय फल “आम” की सामान्य और विशेष किस्मों, उससे जुड़े उत्पादों तथा रोजगार की संभावनाओं की जानकारी नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों, नव उद्यमियों और किसानों तक पहुंचाना है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी प्रति किस्म 5 से 10 आम के साथ भाग ले सकते हैं। वहीं आम से बने उत्पादों की प्रतियोगिता में न्यूनतम 250 ग्राम उत्पाद के साथ पंजीयन कराया जा सकेगा।



