सतीश शर्मा
रायपुर 29 मई 2026

छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। शुक्रवार सुबह अंबिकापुर और सूरजपुर में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। विभाग के मुताबिक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुरुवार को रायगढ़ और सुकमा में तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिर गए। रायगढ़ में एक पेड़ कार पर गिर पड़ा। वहीं बालोद के दल्लीराजहरा में सैकड़ों चमगादड़ों की मौत के बाद पेड़ों पर पानी का छिड़काव कर ठंडा माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर झारखंड के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर प्रदेश से आंध्र प्रदेश तक सक्रिय ट्रफ लाइन के असर से बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं। गर्मी और नमी के टकराव के कारण प्रदेश में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन रही है।



