नारायणपुर/गढ़चिरौली, 29 मई 2026
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की सीमा पर सुरक्षा बलों को माओवादी विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए संयुक्त अंतरराज्यीय ऑपरेशन में घने जंगलों में स्थित माओवादियों के हथियार निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया गया।

“ऑपरेशन अंतिम प्रहार” के तहत की गई इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और शस्त्र निर्माण सामग्री बरामद की है। बरामद किए गए हथियारों में 01 इंसास राइफल, 02 सिंगल शॉट राइफल, 02 बारह बोर राइफल और 18 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली अहम सूचना
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित माओवादियों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली थी कि नारायणपुर जिले के काकूर थाना क्षेत्र से लगभग 7 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा के जंगलों में हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाई गई है। इसी सूचना के आधार पर 26 मई 2026 को संयुक्त अभियान शुरू किया गया।
बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन
अभियान में गढ़चिरौली पुलिस, नारायणपुर डीआरजी और विशेष अभियान दल की कई टीमों ने हिस्सा लिया। 27 मई को जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें बीडीडीएस टीम की मदद से छिपे हुए हथियार और विस्फोटक भंडार का पता लगाया गया।
भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद
सुरक्षा बलों को मौके से लगभग 25 किलो आईईडी विस्फोटक, 02 क्लेमोर माइन, 110 डेटोनेटर, कॉर्टेक्स वायर, 500 से अधिक बीजीएल सेल, 07 बीजीएल लॉन्चर, 03 ट्यूब लॉन्चर सहित हथियार निर्माण से जुड़ी मशीनें और उपकरण भी मिले।
इसके अलावा लेथ मशीन, ग्राइंडर, इन्वर्टर, बैटरी, वायर बंडल और सोलर प्लेट जैसी सामग्री भी बरामद की गई, जिनका उपयोग माओवादी हथियार निर्माण और विस्फोटक तैयार करने में करते थे।
मौके पर ही नष्ट की गई सामग्री
अधिकारियों के निर्देश पर बरामद किए गए विस्फोटक और निर्माण सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उनका उपयोग भविष्य में किसी भी हिंसक गतिविधि में न किया जा सके।
सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक एम. रमेश सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि माओवादी नेटवर्क के खिलाफ यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



