बलरामपुर, 29 मई 2026। छत्तीसगढ़ के वाड्रफनगर क्षेत्र में भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण पुलिस चौकी के पास पेड़ों पर रहने वाले सैकड़ों चमगादड़ों की मौत हो गई, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पानी का छिड़काव कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, पेड़ों पर हजारों की संख्या में चमगादड़ रहते हैं। पिछले कुछ दिनों से इलाके में बड़ी संख्या में चमगादड़ों के पेड़ों से नीचे गिरने और मरने की घटनाएं सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

टीम ने चमगादड़ों को राहत पहुंचाने के लिए पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराया। वहीं मृत चमगादड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि उनकी मौत की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। इलाके में फैली दुर्गंध को देखते हुए मृत चमगादड़ों के निष्पादन की कार्रवाई भी की जा रही है।
पशु चिकित्सक कमला आयाम ने बताया कि वर्तमान में तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि चमगादड़ों के लिए 39 डिग्री सेल्सियस ‘टिपिंग पॉइंट’ माना जाता है। इससे अधिक तापमान होने पर उनका ‘हेटरोथर्मिक सिस्टम’ प्रभावित होने लगता है। अत्यधिक गर्मी और हाइपर थर्मिया के कारण उनके शरीर के अंग काम करना बंद कर देते हैं, जिससे उनकी मौत हो रही है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



