प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 20 दिसंबर 2025

जांजगीर-चाम्पा जिले में 22 दिसंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के आगमन को लेकर भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, जनसहभागिता और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सुबह 11 बजे जांजगीर के खोखरा पुलिस ग्राउंड में 50 हजार से अधिक क्षमता वाले विशाल मैदान में नड्डा भव्य आम जनसभा को संबोधित करेंगे। यह आयोजन छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने पर “जनादेश पर्व” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए शासन-प्रशासन और भाजपा संगठन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जांजगीर शहर को भगवामय रूप में सजाने की जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा को सौंपी गई है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश चौधरी सहित मंत्रीगण, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, निगम-मंडल अध्यक्ष, संभाग व जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे। महतारी दीदी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेकर सरकार के प्रति आभार प्रकट करेंगी, वहीं जिलेभर से हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा ने कहा कि नड्डा का जांजगीर आगमन पूरे बिलासपुर संभाग के लिए गौरव का विषय है। विष्णुदेव साय सरकार के दो वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों का यह उत्सव है, जिसे कार्यकर्ता अनुशासन और उत्साह के साथ सफल बनाएंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि जनादेश पर्व सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ जनता के विश्वास का प्रतीक है। नड्डा का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरेगा और संगठन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
खनिज विकास निगम अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार के नेतृत्व में राज्य में खनिज, उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक फैसले हुए हैं। जांजगीर से होने वाला विकास कार्यों का लोकार्पण क्षेत्र के भविष्य को मजबूत करेगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता से पूरा किया है। दो वर्षों में राज्य ने स्थिरता, पारदर्शिता और विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया है।
जांजगीर-चाम्पा भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने बताया कि जिला इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में मातृशक्ति व आमजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन जांजगीर के विकास और संगठन की मजबूती का प्रतीक बनेगा।





