बालोद, 29 मई 2026। जिले में गांजा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुरुर थाना पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो टीवीएस एक्सेल वाहन में गांजा भरकर रायपुर ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12.100 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 5 हजार रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुरुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टीवीएस एक्सेल 100 क्रमांक CG 24 K 0170 में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मूरपार के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 12 किलो से अधिक गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि नेताम, पिता नरेश नेताम, उम्र 40 वर्ष, निवासी मनेरीपारा, कसेरी गांव बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा को बालोद से रायपुर ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



