रायगढ़, 06 जून 2026
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक फेरीवाले युवक पर कई महिलाओं को धोखे में रखने और शादी का झांसा देकर कथित शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। गाजियाबाद निवासी सलीम (30) के खिलाफ दो महिलाओं की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “अभियान संवेदना” के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, पहले खरसिया क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की थी। महिला ने दावा किया कि उसने हाल ही में सलीम से जांजगीर-चांपा जिले के एक मंदिर में विवाह किया है, जिसके बाद उसके परिजन उससे नाराज हैं।
इसी बीच मामले ने नया मोड़ तब लिया जब खरसिया क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती ने सलीम के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई। युवती का आरोप है कि कोरोना काल के दौरान सलीम उससे संपर्क में आया और शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। युवती ने बताया कि आरोपी उसे दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी ले गया था और लगातार विवाह का भरोसा देता रहा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि सलीम एक अन्य महिला के संपर्क में है और उससे भी शादी की बात कर रहा है। युवती का आरोप है कि दूसरी महिला से मंदिर में विवाह की जानकारी मिलने के बाद उसने अपने साथ हुए कथित शारीरिक शोषण की शिकायत पुलिस से की।
युवती ने यह भी दावा किया है कि सलीम मोबाइल फोन के जरिए कई अन्य महिलाओं और युवतियों से संपर्क में था तथा उसके फोन में कई चैट और संदेश मौजूद हैं। पुलिस इन तथ्यों की भी जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना और कोतरारोड़ पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी व्यक्ति से संबंध बनाने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जानकारी लेने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।



