सतीश शर्मा
रायपुर, 06 जून 2026

खाने के शौकीनों के लिए राजधानी रायपुर में खास आयोजन शुरू हुआ है। सायाजी रायपुर के क्रेविंग्स रेस्टोरेंट में राजस्थानी फूड फेस्टिवल की शुरुआत हो चुकी है। यहां मेहमानों को राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों के साथ उसकी समृद्ध संस्कृति और शाही मेहमाननवाजी का अनुभव भी मिल रहा है।
5 जून से शुरू हुए इस फेस्टिवल में राजस्थान के प्रसिद्ध व्यंजन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दाल-बाटी-चूरमा, केर-सांगरी, लाल मांस, बाजरे की रोटी, मालपुआ, घेवर और अलवर का मशहूर कलाकंद जैसे व्यंजन लोगों को परोसे जा रहे हैं। यह फूड फेस्टिवल 21 जून तक चलेगा।
फेस्टिवल की खास बात यह है कि सभी व्यंजन जयपुर से आए एग्जीक्यूटिव शेफ राजेंद्र की देखरेख में तैयार किए जा रहे हैं। पारंपरिक रेसिपी और वर्षों के अनुभव के साथ तैयार किए गए व्यंजनों में राजस्थान का असली स्वाद महसूस किया जा सकता है। हर डिश में शाही जायकों और पारंपरिक मसालों की खास झलक देखने को मिल रही है।
खाने के अलावा यहां राजस्थान की लोक संस्कृति को भी जीवंत किया गया है। पारंपरिक कठपुतली नृत्य, ऊंट की सवारी और सांस्कृतिक गतिविधियां मेहमानों को आकर्षित कर रही हैं। यही वजह है कि यह आयोजन केवल फूड फेस्टिवल नहीं, बल्कि पूरे परिवार के लिए एक सांस्कृतिक उत्सव बन गया है



