सतीश शर्मा
रायपुर, 06 जून, 2026

शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कलिंगा यूनिवर्सिटी, नया रायपुर ने शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में भव्य “टॉपर्स फेलिसिटेशन सेरेमनी 5.0” का आयोजन किया। कार्यक्रम में सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
पिछले चार वर्षों से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के पांचवें संस्करण में 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थी, उनके अभिभावक, शिक्षक, स्कूल प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों के साथ-साथ उनके परिश्रम, अनुशासन और सफलता की यात्रा का भी उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलिंगा यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार रहे। वहीं कुलपति डॉ. आर. श्रीधर और कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। विशिष्ट अतिथियों में निक्कू सर्स कॉमर्स क्लासेस के संस्थापक नरेंद्र सिंह गिल, शंकराचार्य विद्यालय भिलाई के प्राचार्य अमिताभ दास, अहिल्या इंटरनेशनल स्कूल बलौदाबाजार के प्राचार्य गोबिंदा चंद्र दास तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आदर्श मिश्रा (Raipurfoodielove) शामिल रहे।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, आधुनिक अधोसंरचना और छात्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता से अवगत कराया गया। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित 130 से अधिक करियर उन्मुख पाठ्यक्रमों, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, वैश्विक सहयोग, अनुसंधान एवं नवाचार संस्कृति, खेल सुविधाओं और प्लेसमेंट प्रणाली की विशेष प्रस्तुति भी दी गई।
विश्वविद्यालय ने मेधावी विद्यार्थियों को उनकी रैंक के अनुसार नकद पुरस्कार प्रदान किए। प्रथम स्थान प्राप्त छात्र को 10 हजार रुपये, द्वितीय को 8 हजार, तृतीय को 6 हजार, चतुर्थ को 4 हजार, पंचम को 3 हजार और छठी से दसवीं रैंक तक प्राप्त विद्यार्थियों को 2-2 हजार रुपये दिए गए। इसके साथ ही 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को कलिंगा यूनिवर्सिटी में प्रवेश पर 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति देने की घोषणा भी की गई।
सम्मानित टॉपर्स में दिल्ली पब्लिक स्कूल, भिलाई के आयुष प्रिया ने सीबीएसई पीसीएम वर्ग में 99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। कृष्णा पब्लिक स्कूल, डुंडा की मैत्रेयी झा ने आर्ट्स वर्ग में 99 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं होली क्रॉस हायर सेकेंडरी स्कूल के शौर्य शर्मा ने कॉमर्स में 97.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
समारोह का संचालन विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा वर्तिका सचान और नैना धमेचा ने किया। आयोजन डाइरेक्टर एडमिशन अभिषेक शर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय की मार्केटिंग और आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कलिंगा यूनिवर्सिटी ने कहा कि “टॉपर्स फेलिसिटेशन सेरेमनी 2026” केवल अंकों का सम्मान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के संघर्ष, समर्पण, सपनों और अभिभावकों के योगदान का भी उत्सव है। विश्वविद्यालय भविष्य में भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐसे आयोजनों का आयोजन करता रहेगा।



