सतीश शर्मा
रायपुर, 07 जून 2026
भूटान की राजधानी थिम्फू में आयोजित तृतीय अंतरराष्ट्रीय कराते चैंपियनशिप-2026 में छत्तीसगढ़ की चार प्रतिभाशाली बेटियां भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत सहित 8 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि भारतीय दल में कुल 26 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

छत्तीसगढ़ की ओर से चयनित खिलाड़ियों में इशिका चतुर्वेदी (सब-जूनियर वर्ग), अतीक्षा महंत (जूनियर वर्ग), दामिनी साहू (सीनियर वर्ग) और दिव्या महंत (सीनियर वर्ग) शामिल हैं। ये खिलाड़ी विदेशी धरती पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
स्पोर्ट्स बॉक्सिंग क्लब एवं सेसाईं कराते अकादमी के कोच ईशांत महंत के मार्गदर्शन में प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के चयन को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद के अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां देश की शान हैं और उनके शानदार प्रदर्शन से भारत एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ेगा। उन्होंने खिलाड़ियों को पदक जीतकर लौटने की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर जिंदल एवं मिवान कंपनी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। भारतीय टीम का नेतृत्व सिहान विनोद (मुंबई) और सतीश चौधरी (हरियाणा) कर रहे हैं। प्रतियोगिता में भारत के 26 खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देने वालों में लवयांश महंत, यश दीवान सहित खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल प्रदर्शन और अधिक से अधिक पदक जीतकर भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी का नाम रोशन करने की कामना की।



