सतीश शर्मा
रायपुर, 08 जून 2026
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने, साक्ष्य मिटाने और पुलिस को कथित रूप से झूठी जानकारी देने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा आईटी सेल के प्रदेश कार्यालय सहमंत्री शैलेश दीक्षित ने इस संबंध में लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, विवाद की शुरुआत 27 मई 2026 को बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर अमित जोगी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्टर से हुई। आरोप है कि पोस्टर में बकरी के साथ गाय का चित्र भी प्रदर्शित किया गया था, जिसे लेकर सोशल मीडिया और आम लोगों के बीच विरोध शुरू हो गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि उक्त पोस्ट से बहुसंख्यक समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और इसे लेकर व्यापक नाराजगी देखने को मिली।
शैलेश दीक्षित ने आरोप लगाया है कि बढ़ते विरोध के बाद अमित जोगी ने करीब दो घंटे के भीतर अपने सोशल मीडिया अकाउंट से मूल पोस्टर हटा दिया और उसकी जगह गाय के चित्र के बिना नया पोस्टर अपलोड कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि बाद में स्वयं को निर्दोष साबित करने के उद्देश्य से गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही क्षेत्र के एक थाने में कथित रूप से झूठी और मनगढ़ंत एफआईआर भी दर्ज कराई गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फेसबुक/मेटा सर्वर की तकनीकी जांच कराने की मांग की है, ताकि पोस्ट के मूल स्वरूप और उसमें किए गए बदलावों की सत्यता सामने आ सके। साथ ही अमित जोगी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, लोक सेवक को झूठी सूचना देने तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से शिकायत पर जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने संबंधी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, अमित जोगी की ओर से भी शिकायत में लगाए गए आरोपों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।



