सतीश शर्मा
रायपुर, 8 जून 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने बस्तर प्रवास के चौथे दिन आज सुकमा में मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने बनाए जा रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के तहत शबरी नदी पर निर्माणाधीन इंटेक-वेल के कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने पानी टंकी और पाइपलाइन विस्तार के कार्यों को तेजी से पूर्ण करते हुए जनवरी 2027 से मिशन अमृत की इस योजना के माध्यम से सुकमा में जल आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए।

केंद्र सरकार की मिशन अमृत 2.0 योजना के तहत नगर पालिका द्वारा 86 करोड़ रुपए की लागत से सुकमा शहर की पेयजल व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसका 54 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों से कहा कि सुकमा की अगले 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर इसका निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता और निर्माण सामग्री के मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग द्वारा सुकमा के कुम्हाररास में 11 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्यों में तेजी लाकर दिसम्बर 2026 तक इसे पूरा करने को कहा।
करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फुटबॉल मैदान, एथलेटिक्स ट्रैक, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, प्रशासनिक भवन, बॉक्स-क्रिकेट और स्वीमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके निर्माण से सुकमा की खेल प्रतिभाओं को अपने कौशल को निखारने के लिए सर्वसुविधायुक्त खेल अधोसंरचना उपलब्ध होगी। अब तक इसका 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
तीनों कार्यों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अमित कुमार भी उप मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।



