धमतरी, 08 जून 2026
छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने करीब 480 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। मामले में रायपुर के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई अर्जुनी थाना क्षेत्र में की गई।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस्तर क्षेत्र से एक कार और पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर श्याम तराई क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। तलाशी के दौरान सफेद बोरियों में भरकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
जांच में कुल 480 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने रायपुर निवासी नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद सादिक और हिमांशु साहू को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जगदलपुर में सब्जी उतारने के बाद पिकअप वाहन में गांजा लोड किया गया था। तस्करों की योजना इस खेप को रायपुर और उत्तर प्रदेश में खपाने की थी। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



