सतीश शर्मा
रायपुर, 09 जून 2026
छत्तीसगढ़ में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने कोयला और रेत के अवैध परिवहन में शामिल 8 वाहनों को जब्त करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं।

सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर खनिज संसाधन विभाग, जिला स्तरीय टास्क फोर्स और खनन अधिकारियों द्वारा खनन प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। इसी कड़ी में 7 जून को सूरजपुर तहसील अंतर्गत पचीरा-मनिचौक मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान बेलटिकरी गांव के पास अधिकारियों ने कोयले का अवैध परिवहन करते हुए 6 मोटरसाइकिलों को पकड़ा। टीम ने करीब 5 टन कोयला और संबंधित दोपहिया वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से सूरजपुर थाना परिसर में रखा है।
इसके अलावा विभाग ने राजापुर, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में रेत का अवैध परिवहन कर रहे 3 हाईवा (टिपर) वाहनों के मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
वहीं 8 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र में की गई औचक जांच के दौरान 2 और हाईवा वाहन अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए। अधिकारियों ने दोनों वाहनों को जब्त कर खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया और जब्त वाहन व खनिज सामग्री को जयनगर थाना के सुपुर्द कर दिया।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राज्य राजस्व को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए नियमित जांच की जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



