मीडिया 24 डेस्क
बिलासपुर, 10 जून 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मसानगंज क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खर्च के लिए पैसे न मिलने पर एक बेटे ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया और सिर फोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन क्षेत्र के मसानगंज सरजू बगीचा में रहने वाले 55 वर्षीय दीपक कुमार शर्मा सिंचाई विभाग में कार्यरत हैं। सोमवार शाम करीब छह बजे उनका बेटा सात्विक शर्मा उनसे खर्च के लिए पैसे मांगने लगा। पिता ने पैसे देने से इनकार किया तो बेटा गाली-गलौज करने लगा और विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान गुस्से में आकर सात्विक शर्मा ने घर में रखी लकड़ी की कुटनी से अपने पिता पर हमला कर दिया। हमले में दीपक शर्मा के सिर पर गंभीर चोट आई और वे घायल हो गए। शोर सुनकर पत्नी नीता शर्मा मौके पर पहुंचीं और किसी तरह बीच-बचाव किया।
घटना के बाद आरोपी बेटा जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। घायल पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।



