मनेंद्रगढ़, 11 जून 2026
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक कसावट लाते हुए राज्य में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे को पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर रविकांत यादव को जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में MCB जिला प्रदेश में सबसे निचले पायदान पर रहा था। इसके बाद शिक्षा व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर शासन स्तर पर गंभीर नाराजगी देखी गई थी।
इसके अलावा ‘सुशासन तिहार’ के दौरान मुख्यमंत्री ने चिरमिरी में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागीय लापरवाही और कमजोर प्रदर्शन पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। माना जा रहा है कि उसी समीक्षा और प्रदर्शन रिपोर्ट का सीधा असर इस प्रशासनिक कार्रवाई में देखने को मिला है।
तबादले के आदेश के तहत आरपी मिरे को लोक शिक्षण संचालनालय में अटैच किया गया है, जबकि रविकांत यादव को तत्काल प्रभाव से MCB जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई नियुक्ति के बाद शासन का फोकस जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने पर है। अब सभी की नजरें नए प्रभारी DEO रविकांत यादव की कार्यप्रणाली और सुधारात्मक कदमों पर टिकी हैं।



