सतीश शर्मा
रायपुर, 12 जून 2026

हैदराबाद में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर वे निवेशकों को राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेश संभावनाओं और उद्योग-अनुकूल वातावरण की विस्तृत जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में निवेश की प्रक्रियाएं अब पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और तेज़ बनाई गई हैं, जिससे उद्योग स्थापना को बढ़ावा मिल रहा है। राज्य में उद्योग, अधोसंरचना, ऊर्जा, आईटी, खाद्य प्रसंस्करण और खनिज आधारित क्षेत्रों में निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
इस निवेशक सम्मेलन में विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ संवाद और चर्चा की जाएगी, जिसमें नए निवेश अवसरों पर मंथन होगा। इससे पहले अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया में भी निवेशक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
सरकार के अनुसार, नई औद्योगिक नीति और निवेशक-अनुकूल फैसलों के चलते छत्तीसगढ़ को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय की निवेश प्रोत्साहन पहल के चलते राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों में छत्तीसगढ़ के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।



