कांकेर, 12 जून 2026
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर बिजली गिरने से उप सरपंच समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में वहां मौजूद लोग आ गए।
इससे पहले गुरुवार को रायपुर, सरगुजा और कोरबा में मौसम ने करवट ली थी। तेज आंधी-बारिश के साथ कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और उत्तर भारत में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिससे मानसून के जल्द आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन रही हैं।
इसी बीच मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 2–3 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
रायपुर में आज भी मौसम बदल सकता है। बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में खड़े न रहें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।



