10 Aug 2026, Mon
Breaking

करोड़ों की स्क्रैप चोरी का पड़ा असर: भिलाई CISF के DIG हटाए गए, कई अधिकारियों का तबादला

दुर्ग, 26 जून 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। भिलाई इकाई में तैनात डीआईजी आईपीएस नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का तबादला दिल्ली मुख्यालय कर दिया गया है। वे 2009 बैच के पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में CISF में प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

उनकी जगह केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी एवं बोकारो के पूर्व पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा को CISF भिलाई का नया डीआईजी नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि वे जल्द ही भिलाई इकाई की कमान संभालेंगे।

दरअसल, BSP में करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले की जांच के दौरान संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ CISF के जवानों से भी पूछताछ की गई थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि संयंत्र परिसर के भीतर इतनी बड़ी चोरी बिना अंदरूनी मिलीभगत के संभव नहीं थी। इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी संजय सिंह समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

 

इसी क्रम में CISF ने अन्य अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। भिलाई स्टील प्लांट में तैनात उप कमांडेंट निधि सिंह को कोलकाता स्थित KOPA इकाई भेजा गया है। वहीं, इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र के डीआईजी एल.के. हाकिप का तबादला कोलकाता एयरपोर्ट कर दिया गया है। उनकी जगह नागपुर एयरपोर्ट में वरिष्ठ कमांडेंट के पद पर कार्यरत दिलीप कुमार को पदोन्नत कर इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

स्क्रैप चोरी प्रकरण के बाद CISF के इस बड़े फेरबदल को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share
पढ़ें   इंदिरा मार्केट की इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग : घंटों बाद काबू, लाखों का नुकसान—बड़ा हादसा टला, बाजार में मची अफरा-तफरी

 

 

 

 

 

You Missed