2 Jul 2026, Thu

दान के पैसों से बना रहा था आलीशान महल? राम मंदिर चोरी के आरोपी लवकुश के घर पर बुलडोजर की उल्टी गिनती शुरू

अयोध्या, 02 जुलाई 2026

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी लवकुश मिश्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब अयोध्या विकास प्राधिकरण ने उसकी पत्नी के नाम पर बन रहे निर्माणाधीन मकान को लेकर नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने परिजनों से एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन के अनुसार, लवकुश मिश्रा के घर से पहले ही 14.25 लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। जांच के दौरान उसकी संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है।

 

 

3-4 महीने में तैयार होने वाला था आलीशान मकान

जानकारी के मुताबिक, लवकुश मिश्रा अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर खरीदी गई करीब 1000 वर्गफीट जमीन पर तीन मंजिला मकान बनवा रहा था। यह मकान अगले तीन से चार महीनों में तैयार होने वाला था। गिरफ्तारी के बाद से निर्माण कार्य बंद पड़ा है और परिवार भी वहां नजर नहीं आया।

लिफ्ट तक की थी व्यवस्था

स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया था। एक फ्लोर पर बड़ा किचन और चार कमरे बनाए जा रहे थे, जबकि लिफ्ट लगाने के लिए अलग से जगह छोड़ी गई थी। दूसरे फ्लोर पर पांच कमरे और तीसरे फ्लोर के निर्माण की भी तैयारी चल रही थी।

20 हजार की नौकरी, करोड़ों की संपत्ति पर सवाल

पड़ोसियों का दावा है कि लवकुश मिश्रा ने अक्टूबर 2025 में करीब 25 लाख रुपये में यह जमीन खरीदी थी। तीन मंजिला मकान के निर्माण पर अब तक लगभग 80 से 90 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे। जमीन और निर्माण लागत मिलाकर निवेश करीब 1.5 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

पढ़ें   मुंगेली के धान उपार्जन केंद्र में 91.68 लाख रुपए का फर्जीवाड़ा, मुख्य आरोपी रामदास बंजारा गिरफ्तार

लवकुश की मासिक आय करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। ऐसे में इतनी बड़ी संपत्ति और निर्माण पर खर्च किए गए धन के स्रोत की भी जांच की जा रही है।

जवाब नहीं मिला तो होगी कार्रवाई

अयोध्या विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नोटिस का समय पर जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में निर्माणाधीन मकान के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच और संपत्तियों के सत्यापन में जुटा हुआ है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *