• पहली बार अंतरराष्ट्रीय इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट करेंगे शिरकत, लाइव TAVI प्रक्रिया का भी होगा प्रदर्शन
रायपुर, 03 जुलाई 2026

कार्डियोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंडिया (CSI) छत्तीसगढ़ चैप्टर द्वारा 4 एवं 5 जुलाई 2026 को राजधानी रायपुर के होटल पेपर रिजॉर्ट में चौथे वार्षिक सेंट्रल इंडिया इंटरवेंशन कॉन्फ्रेंस (CIIC-2026) का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी लगभग 150 इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट भाग लेंगे।
आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित तीसरे सम्मेलन में रायपुर के तीन प्रमुख कार्डियक संस्थानों के बीच पहली बार लाइव केस ट्रांसमिशन का सफल आयोजन किया गया था। इस वर्ष सम्मेलन को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप दिया गया है। इसमें ग्वालियर, रांची, कोलकाता, पटना, कोच्चि, चंडीगढ़ सहित देशभर से विशेषज्ञ शामिल होंगे।
सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार विश्व के विभिन्न देशों से ख्यातिप्राप्त इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट इसमें भाग लेंगे। इनमें माउंट सिनाई हॉस्पिटल, न्यूयॉर्क के डॉ. समीर शर्मा, वेस्ट वर्जीनिया यूनिवर्सिटी के डॉ. रमेश डग्गावती, जापान के डॉ. अकामोटो, कनाडा के डॉ. संजोग कलरा सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल हैं, जो अपने अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा करेंगे।
इसके अलावा पहली बार यूनाइटेड किंगडम के लीसेस्टर से डॉ. राज राजेंद्र द्वारा TAVI (Transcatheter Aortic Valve Implantation) प्रक्रिया का लाइव केस ट्रांसमिशन भी किया जाएगा।
सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.बी. मेहता, डॉ. एम.के. वाली, डॉ. भीमान काताली, डॉ. संजय वर्णी, डॉ. सर्वेंद्र तिवारी, डॉ. आई.बी. विजयलक्ष्मी, डॉ. टी.एस. क्लेर और डॉ. विजय मोहन सहित कई विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।
सम्मेलन में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी की अत्याधुनिक तकनीकों जैसे ऑर्बिटल एथेरेक्टॉमी, इंट्रावास्कुलर इमेजिंग, जटिल कोरोनरी अवरोधों के उपचार तथा इम्पेला (Impella) डिवाइस की भूमिका पर विस्तृत चर्चा होगी।
भारतीय कार्डियोलॉजी के अग्रणी विशेषज्ञ डॉ. ए.बी. मेहता को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए CSI छत्तीसगढ़ लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन विशेष रूप से डीएम कार्डियोलॉजी के विद्यार्थियों एवं युवा चिकित्सकों के लिए उपयोगी रहेगा, जिससे उन्हें इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी की नवीनतम तकनीकों और उपचार पद्धतियों की जानकारी मिलेगी।
सम्मेलन की आयोजन समिति में डॉ. सतीश सूर्यवंशी (आयोजन सचिव), डॉ. जयराम अग्रवाल (अध्यक्ष, CSI छत्तीसगढ़), डॉ. मनोज गुप्ता (सचिव, CSI छत्तीसगढ़), डॉ. प्रणय जैन और डॉ. निखिल मोटिरामानी प्रमुख रूप से शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोहिल गोस्वामी करेंगे।
4 जुलाई को CSI छत्तीसगढ़ चैप्टर की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसमें डॉ. सतीश सूर्यवंशी चेयरमैन-इलेक्ट, डॉ. प्रणय जैन सचिव-इलेक्ट तथा डॉ. गौरव जैन कोषाध्यक्ष-इलेक्ट के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि CSI छत्तीसगढ़ का उद्देश्य इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी की आधुनिक तकनीकों को प्रदेश में बढ़ावा देना, चिकित्सकों को निरंतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा मरीजों को राज्य में ही विश्वस्तरीय हृदय उपचार उपलब्ध कराना है। संस्था हृदय रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान भी लगातार चला रही है।




