सतीश शर्मा
रायपुर, 3 जुलाई 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव शंगीता आर. ने आज वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ रायपुर नगर निगम के अधिकारियों की बैठक लेकर राजधानी में विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने तकनीकी कारणों से लंबित अप्रारंभ कार्यों की बाधाएं दूर कर उन्हें तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जोन कमिश्नरों को हर 15 दिनों में कार्यस्थलों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने को कहा। बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक आर. एक्का और रायपुर नगर निगम के आयुक्त संबित मिश्रा भी मौजूद रहे।
शंगीता आर. ने कहा कि राजधानी में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य बुनियादी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों, स्वच्छ भारत मिशन के वार्ड प्रभारियों और नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियों का गंभीरता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने को कहा।

उन्होंने शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर व्यापक सफाई अभियान चलाने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी नियमित एवं प्लेसमेंट अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलने से कार्यक्षमता और सेवा वितरण दोनों बेहतर होते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवास निर्माण में तेजी लाने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) की समीक्षा के दौरान उन्होंने रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
शंगीता आर. ने राजधानी की गरिमा के अनुरूप स्वच्छता व्यवस्था विकसित करने, शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने तथा कचरा परिवहन व्यवस्था की नियमित निगरानी और समीक्षा करने को कहा। उन्होंने नालंदा परिसर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बैठक में SUDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शशांक पाण्डेय, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक एस.के. सुन्दरानी सहित नगर निगम के सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, जोन कमिश्नर, अभियंता, विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन के वार्ड प्रभारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी तथा जोन सहायक राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।




