सतीश शर्मा
रायपुर, 6 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में बीते दो-तीन दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है।

8 जुलाई से बारिश की तीव्रता होगी कम
मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 जुलाई को प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होगी। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा भी हो सकती है। हालांकि 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं।
कई जिलों में भारी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम, जबकि कई स्थानों पर भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजिम में 19 सेमी, दुर्ग में 18 सेमी, छुरा में 16 सेमी, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेमी वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा गोबरा नवापारा, माना, अर्जुन्दा, लाभांडी, गुंडरदेही और भिलाई सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।
रायपुर में आज भी भारी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर आसमान मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
25 से अधिक जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, राजनांदगांव, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सूरजपुर, कोरिया सहित 25 से अधिक जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।




