सतीश शर्मा
रायपुर, 08 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, भाजपा विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मानसून सत्र की रणनीति, विपक्ष के संभावित मुद्दों और सरकार की तैयारी पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का तथ्यात्मक और प्रभावी जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है। लेकिन भाजपा सरकार सदन में कांग्रेस के हर आरोप का करारा जवाब देगी।

केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी पर देश की जनता ने ही अविश्वास जताया है, वह अब सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कर रही है। कांग्रेस केवल अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रही है और जनता उसके इरादों को अच्छी तरह समझ चुकी है।
वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक बेहद सार्थक रही। इसमें राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ मानसून सत्र के दौरान सरकार की रणनीति और सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले विषयों पर भी चर्चा हुई।
सत्र से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
मानसून सत्र से पहले प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस पहुंचकर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक आगामी सत्र के संचालन और तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर विपक्ष की रणनीति और सदन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस
इस बार मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। कांग्रेस कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, रायपुर के नकटी गांव का भूमि विवाद, बिजली-पानी संकट, सड़क निर्माण और मानसून के दौरान व्यवस्थाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
इसके अलावा विपक्ष खरीफ सीजन में किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, धान खरीदी की तैयारियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य विषयों पर भी सरकार से जवाब मांगेगा। वहीं, नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, विस्थापन और विधायक आवास के लिए प्रस्तावित भूमि से जुड़े विवाद के भी विधानसभा में गूंजने की संभावना है।




