प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 29 सितंबर 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय देर रात राजधानी रायपुर के देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम पहुंचे और संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की 34वीं बरसी महोत्सव में भाग लेकर संत परंपरा को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने धाम में स्थापित संत गेला राम साहिब जी की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें देशभर से आए पूज्य संतों के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने छत्तीसगढ़ पर संतों के आशीर्वाद बने रहने और हर घर में खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने संत बाबा हरदास राम साहिब के जीवन को मानव सेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि धाम में समय-समय पर आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच, स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर उनके आदर्शों का जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने बरसी महोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भक्ति, एकता और सामाजिक सेवा का उत्सव बताया।
संत समाज को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। राजिम में कुलेश्वर महादेव और भगवान श्रीराम की धरोहर आज भी प्रदेशवासियों के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ का भी जिक्र किया, जिसके अंतर्गत पिछले वर्ष 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन किए।
बरसी महोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नन्द कुमार साहू, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनिल थौरानी सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।





