
कोरबा, 29 सितंबर 2025
जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सवार तीन युवकों ने टोल नाके का बैरियर तोड़ दिया और करीब 50 मीटर आगे सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा टकराए। हादसे में पाली निवासी अमन जांगड़े (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, 28 सितंबर की शाम करीब 5 बजे अमन जांगड़े अपने दो दोस्तों के साथ पाली से कटघोरा किसी काम से गया था। लौटते समय रजकम्मा टोल नाके पर बाइक की रफ्तार तेज होने से वह बैरियर तोड़ते हुए सीधे खंभे से जा भिड़े। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। तुरंत 112 डायल और एम्बुलेंस को सूचना दी गई। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लाया गया। जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया।
एक घायल बिलासपुर रेफर
घायल जोहार सिंह का कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। वहीं दूसरे घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने किया मर्ग कायम
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।





