22 Aug 2026, Sat
Breaking

रेलवे ओवरब्रिज-अंडरब्रिज परियोजनाओं में सुस्ती पर सख्ती: मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को लगाई फटकार, कहा—समन्वय बढ़ाकर तेज करें काम

सतीश शर्मा

रायपुर, 8 जुलाई 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने प्रदेश में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और रेलवे अंडरब्रिज (RUB) के निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने, कार्यस्थलों पर आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने तथा अप्रारंभ परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे, बिलासपुर के प्रधान मुख्य अभियंता अवनीश कुमार पाण्डेय भी उपस्थित रहे।

बैठक में मुकेश कुमार बंसल ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे लोगों को रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम और आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही माल परिवहन भी अधिक सुगम और तेज हो सकेगा।

उन्होंने नए ROB और RUB कार्यों को जल्द शुरू करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। अतिक्रमण हटाने, भूमि व्यपवर्तन, नामांतरण, भू-अर्जन और अन्य लंबित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रगतिरत परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर प्रदेश में सुरक्षित, सुगम, सुव्यवस्थित और तेज आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

 

 

सचिव ने यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि इन कार्यों में देरी के कारण निर्माण प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने जहां आवश्यक हो वहां लोक निर्माण विभाग और रेलवे अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण कर प्राक्कलन, ड्राइंग और डिजाइन से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

पढ़ें   रायपुर के गुढ़ियारी में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू पिकअप ने कई लोगों को रौंदा, बिजली खंभे से टकराई, घायलों का इलाज जारी

बैठक में ROB और RUB परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। मुकेश कुमार बंसल ने निर्देश दिए कि हर तीन महीने में समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्य प्रगति का आकलन किया जाए तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, अधीक्षण अभियंता डी.के. माहेश्वरी, दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे, बिलासपुर के मुख्य अभियंता मनोज कुमार सिंह, सीपीएम-बिलासपुर राजीव कुमार तथा सीपीएम-रायपुर तत्वदर्शी साहू सहित विभाग और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share

 

 

 

 

 

You Missed