9 Jul 2026, Thu

IC Mart में प्रताड़ना से टूटी 17 वर्षीय छात्रा: फांसी लगाकर दी जान, पुलिस ने मार्ट किया सील, CCTV और सबूतों की जांच शुरू

बैकुंठपुर, 09 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आरोप है कि आईसी मार्ट (IC Mart) प्रबंधन द्वारा कथित रूप से चोरी के आरोप में प्रताड़ित किए जाने और परिवार के सामने अपमानित किए जाने से आहत होकर छात्रा ने अपने शासकीय आवास में फांसी लगाकर जान दे दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है और एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका रितु सिंह, पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री थी। बताया जा रहा है कि छात्रा पर मार्ट से कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने उससे एक कागज पर यह लिखवाया कि उसने चोरी की है। इसके बाद कथित तौर पर मामले को रफा-दफा करने के नाम पर पहले 15 हजार रुपये, फिर 20 हजार रुपये और अंत में 50 हजार रुपये की मांग की गई।

परिजनों का आरोप है कि जब छात्रा के पिता भी मार्ट पहुंचे तो उनसे भी पैसों की मांग की गई और आखिर में छात्रा की स्कूटी भी अपने पास रख ली गई। परिवार के सामने हुई कथित बेइज्जती और मानसिक दबाव से परेशान छात्रा ने बुधवार दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

 

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साक्ष्यों से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो, इसके लिए आईसी मार्ट को तत्काल सील कर दिया गया। एफएसएल टीम दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी।

पढ़ें   CG में ED की बड़ी कार्रवाई : DMF घोटाले में कोरबा की पूर्व सहायक आयुक्त माया वारियर हुई गिरफ्तार, निलंबित IAS रानू साहू के साथ मिलकर करोड़ों की गड़बड़ी का लगा है आरोप

बैकुंठपुर सिटी कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed