22 Nov 2026, Sun

CG में लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: GPM कलेक्टर बदले, मंत्रालय ने 5 IAS अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश किए जारी

सतीश शर्मा

रायपुर, 09 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ सरकार ने लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पांच अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा महानदी भवन से जारी आदेश के अनुसार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह विजय दयाराम के. को जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि बुधवार को भी राज्य सरकार ने आठ IAS और राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारियों के तबादले किए थे। अब दूसरे दिन भी प्रशासनिक बदलाव का सिलसिला जारी रहा।

संतोष देवांगन को मंत्रालय भेजा गया

आदेश के मुताबिक, GPM कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग के विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें करीब दो महीने पहले ही जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर बनाया गया है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

प्रशासनिक आदेश में अन्य अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया है।

  • हेमंत रमेश नंदनवार (IAS 2020) को महासमुंद जिला पंचायत के CEO पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
  • सुमित अग्रवाल (IAS 2021) को दुर्ग नगर निगम आयुक्त के पद से स्थानांतरित कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर रिमिजियस एक्का के अतिरिक्त प्रभार का स्थान लेंगे।
  • अनुपमा आनंद (IAS 2023) को पदोन्नत करते हुए सरायपाली SDM से मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत महासमुंद बनाया गया है।
पढ़ें   CG प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारियों को मिला बड़ा प्रमोशन : राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद IAS कैडर में एंट्री; नायब तहसीलदार से शुरू हुआ वीरेंद्र बहादुर पंचभाई का सफर बना सबसे प्रेरणादायक

सरकार के इस ताजा प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। लगातार दूसरे दिन हुए तबादलों से यह संकेत भी मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में प्रशासनिक स्तर पर और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Share