24 Aug 2026, Mon
Breaking

CG CRIME NEWS : बेटी से बात करने से मना किया, आधी रात घर में घुसकर पिता को पीटा, इलाज के दौरान मौत

बालोद, 10 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देवरी थाना क्षेत्र के सम्बलपुर (नाहंदा) गांव में एक पिता को अपनी नाबालिग बेटी से बातचीत करने से युवक को रोकना भारी पड़ गया। नाराज युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर देर रात घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति पर लाठी-डंडों और लकड़ी के राफ्टर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक गौकरण साहू रात में अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान छह आरोपी घर में घुस आए और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर पास में सो रही उनकी 13 वर्षीय बेटी जाग गई। बेटी के उठते ही घर के अंदर मौजूद चार आरोपी और बाहर निगरानी कर रहे दो आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

 

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को देवरी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच तेज कर दी।

जांच के दौरान मृतक की नाबालिग बेटी से पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस को पता चला कि खपराभाटा निवासी 18 वर्षीय भानुप्रताप जैन की नाबालिग से बातचीत होती थी, जिसका मृतक लगातार विरोध कर रहे थे। इसी रंजिश में भानुप्रताप ने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पढ़ें   ननकी राम कंवर ने की CBI जांच की मांग : कांग्रेस की सरकार में जल जीवन मशीन में हुए भ्रष्टाचार पर की CBI जांच की मांग, ननकी राम कंवर ने डिप्टी CM अरुण साव और राज्यपाल को पत्र लिखकर की मांग

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़ित की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भानुप्रताप जैन समेत नीरज रस्तोगी, तुषार निर्मलकर, दिनेश ढीमर, कुंदन यादव और दीपेश पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed