11 Jul 2026, Sat
Breaking

बिलासपुर में बड़ा हादसा: स्ट्रीट लाइट पोल लगाते समय 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 5 मजदूर, महिला समेत सभी गंभीर रूप से झुलसे

 

बिलासपुर, 11 जुलाई 2026। शहर के सिरगिट्टी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर स्ट्रीट लाइट पोल लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक महिला समेत 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-11 में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर लोहे का स्ट्रीट लाइट पोल खड़ा कर रहे थे, तभी पोल ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। संपर्क होते ही पूरे पोल में करंट दौड़ गया और वहां काम कर रहे सभी मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

 

 

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ठेकेदार ने मजदूरों को किसी भी प्रकार के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए थे। इतना ही नहीं, हाईटेंशन लाइन के नीचे काम शुरू करने से पहले बिजली विभाग से शटडाउन भी नहीं लिया गया, जबकि सुरक्षा नियमों के अनुसार ऐसा करना अनिवार्य होता है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घायलों की पहचान दीपक यादव (30), मुकेश कुमार (38), सेवाराम (24), प्रह्लाद चौरसिया (45) और जयंती धुर्वे के रूप में हुई है। सभी मजदूर मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

मामले में सिविल लाइंस सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। यदि जांच में ठेकेदार, संबंधित विभाग या किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share
पढ़ें   बिलासपुर को मिला नया संभागायुक्त कार्यालय: कोनी में 12 करोड़ की लागत से बना भव्य भवन, CM Vishnu Deo Sai ने किया लोकार्पण

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *