10 Oct 2026, Sat
Breaking

कांग्रेस में खुली बगावत पर भाजयुमो का हमला: राहुल टिकरिहा बोले—‘भूपेश के भक्त ही अब उनके खिलाफ ताल ठोक रहे’

सतीश शर्मा

रायपुर, 11 जुलाई 2026

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने प्रदेश में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा है कि इस तथाकथित चुनाव ने कांग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र और संगठनात्मक ढाँचे की बची-खुची साख को पूरी तरह तार-तार कर दिया है। राहुल टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस में वर्चस्व की जंग ने पार्टी के भीतर मचे घमासान और बड़े नेताओं के बीच की रार को सार्वजनिक रूप से बेनकाब कर दिया है।

राहुल टिकरिहा ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में गुटबाजी और अंतर्विरोध इस कदर हावी हो चुके हैं कि कल तक जो नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भक्ति में लीन रहते थे, वे ही आज उनके सामने ताल ठोककर खड़े हैं। भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा भूपेश बघेल समर्थित प्रत्याशी के विरोध में अपना उम्मीदवार उतारना यह साबित करता है कि कांग्रेस के भीतर अंदरूनी सत्ता-संघर्ष और आधिपत्य की लड़ाई अब सड़क पर आ चुकी है।

राहुल टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस में अनुशासनहीनता चरम पर है और पूरा संगठनात्मक ढाँचा ताश के पत्तों की तरह ढह रहा है। युवा कांग्रेस के चुनावी ड्रामे पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का यह चुनाव केवल और केवल पूंजीपतियों की कठपुतली बनकर रह गया है। यह चुनाव धनबल और रसूखदारों के लिए है, जिसमें किसी सामान्य और गरीब कार्यकर्ता के सामर्थ्य तथा पहुँच के लिए कोई जगह नहीं बची है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता युवा कांग्रेस की इस दयनीय राजनीतिक दशा को देख रही है। जिस संगठन के भीतर अनुशासन नाम की कोई चीज न बची हो और जो केवल बड़े नेताओं की आपसी खींचतान का अखाड़ा बन चुका हो, वह प्रदेश के युवाओं का नेतृत्व करने के सर्वथा अयोग्य है। कांग्रेस का यह सांगठनिक बिखराव स्पष्ट संकेत है कि पार्टी पूरी तरह से दिशाहीन हो चुकी है।

Share
पढ़ें   गौतम गंभीर को 'ISIS कश्मीर' से मिली जान से मारने की धमकी: पहलगाम आतंकी हमले के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट, परिवार को दी गई Z श्रेणी सुरक्षा, केंद्र सरकार ने बुलाई आपात बैठक