12 Oct 2026, Mon
Breaking

CG में मछली चोरी की रंजिश में खूनी वारदात: चौकीदार को पहले स्कॉर्पियो से मारी टक्कर, फिर डंडों से उतारा मौत के घाट

बिलासपुर, 13 जुलाई 2026

रतनपुर थाना क्षेत्र के खूंटाघाट बांध में मछली चोरी का विरोध एक चौकीदार की जान पर भारी पड़ गया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले स्कॉर्पियो से मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, फिर डंडों से हमला कर चौकीदार की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते और तीरथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। दोनों पहले भी बांध में कथित रूप से मछली चोरी करने वाले गोलू धीवर और अनीश धीवर का विरोध कर चुके थे। तीरथ राम यादव ने चोरी का वीडियो भी बनाया था, जिससे नाराज आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद लगातार चल रहा था।

शनिवार रात दोनों चौकीदार मोटरसाइकिल से नवागांव कैंप जा रहे थे। रास्ते में मौहा डबरी तालाब के पास आरोपियों ने स्कॉर्पियो से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों के सड़क पर गिरते ही आरोपी वाहन से उतर गए और डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीरथ राम यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम सिंह पोर्ते किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 3 और 5 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

पढ़ें   महानदी भवन में हाईलेवल समीक्षा: योजनाओं की धीमी प्रगति पर मुख्य सचिव सख्त, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

Share

 

 

 

 

 

You Missed