27 Aug 2026, Thu
Breaking

रायगढ़ में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ विवाद ने लिया यू-टर्न: पत्नी ने वापस लिए आरोप, पुलिस बोली- जांच साक्ष्यों के आधार पर जारी

रायगढ़, 13 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पत्नी को प्रताड़ित करने और नाबालिग बेटे से कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगवाने के आरोप में गिरफ्तार वसीम मोहम्मद के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली पत्नी ने अब अपना बयान बदलते हुए कहा है कि उसने गुस्से में शिकायत की थी और बच्चे का वीडियो सिर्फ हंसी-मजाक में बनाया गया था। महिला ने पति से समझौता करने की इच्छा जताते हुए पुलिस अधिकारियों से माफी की अपील भी की है।

यह मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। महिला ने 29 मई 2026 को शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि वसीम ने खुद को तलाकशुदा बताकर 2021 में उससे मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी की, जबकि उसकी पहली पत्नी और पांच बच्चे पहले से हैं। महिला ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद पति ने उसके साथ मारपीट की, नमाज, रोजा और कलमा पढ़ने का दबाव बनाया तथा विरोध करने पर प्रताड़ित किया। उसने यह भी आरोप लगाया था कि पति उससे और उसके बच्चों से जबरन ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगवाता था और हिंदुस्तान के खिलाफ बोलने के लिए मजबूर करता था।

 

 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने वसीम मोहम्मद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर पूछताछ और निरीक्षण भी कराया।

हालांकि गिरफ्तारी के बाद महिला ने वीडियो जारी कर कहा कि उसने गुस्से में शिकायत दर्ज कराई थी। उसके अनुसार, बच्चे से देश विरोधी नारे लगवाने वाला वीडियो उसने स्वयं मजाक में बनाया था और उसके पति ने कोई देशविरोधी गतिविधि नहीं की। महिला ने कहा कि वह अपनी इच्छा से पति से समझौता करना चाहती है और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है।

पढ़ें   CG में रिसॉर्ट बना वन्यजीव अपराध का अड्डा! हिरण का मांस पकाते पकड़े गए 4 लोग, मुख्य आरोपी अब भी फरार

वहीं, रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पत्नी के बदले हुए बयान के बावजूद मामले की जांच जारी रहेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले मामलों में पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करती है। मामले की निगरानी डीएसपी उन्नति ठाकुर कर रही हैं और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share

 

 

 

 

 

You Missed