14 Jul 2026, Tue
Breaking

रायपुर में हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश: झूठे रेप केस की धमकी देकर ऐंठे पैसे, ब्यूटी पार्लर संचालिका समेत 2 गिरफ्तार

सतीश शर्मा

रायपुर, 14 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका और दूसरी कॉलेज छात्रा शामिल है। दोनों पर कारोबारी को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलने और लगातार ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता जयंत चौधरी (38) निवासी न्यू सेल्स टैक्स कॉलोनी, शंकर नगर ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मई 2026 में उनकी मुलाकात गुढ़ियारी थाने में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। इसके बाद दोनों उनसे लगातार संपर्क में रहीं और नौकरी तथा ब्यूटी पार्लर खोलने के नाम पर पैसों की मांग करने लगीं।

कार में ले जाकर बनाया फोटो-वीडियो

शिकायत के मुताबिक 14 जून को दोनों युवतियों ने कारोबारी को मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वे उसे कार में लेकर गईं, जहां नशीली सिगरेट जलाने से कारोबारी की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद घर छोड़ने के बहाने उसके साथ जाकर फोटो और वीडियो बना लिए। अगले ही दिन से इन्हीं फोटो-वीडियो के आधार पर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई।

 

 

रेप केस में फंसाने की धमकी देकर वसूले पैसे

कारोबारी का आरोप है कि दोनों युवतियों ने दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने और बदनाम करने की धमकी देकर पहले 25 जून को 25 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद भी लगातार बड़ी रकम की मांग की जाती रही।

पढ़ें   Abujhmad Breaking: सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, डोडीमरका में नक्सली स्मारक ध्वस्त, अभियान अंतिम चरण में

ऑफिस पहुंचकर किया हंगामा

शिकायत के अनुसार, 1 जुलाई को दोनों युवतियां कारोबारी के ऑफिस के बेसमेंट पहुंचीं और कार से पैसों से भरा बैग निकालने की कोशिश की। वहीं 10 जुलाई को फिर ऑफिस पहुंचकर कर्मचारियों के सामने गाली-गलौज की और रकम नहीं देने पर रेप केस दर्ज कराने की धमकी दी।

जांच के बाद दोनों गिरफ्तार

लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर कारोबारी ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बयान, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तथ्यों की जांच के बाद नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने बताया कि जांच में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई झूठे मुकदमे में फंसाने या ब्लैकमेल करने की धमकी दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed