5 Sep 2026, Sat
Breaking

सूरजपुर में दर्दनाक लव स्टोरी का अंत: प्रेमी की सड़क हादसे में मौत, सदमे में प्रेमिका ने घर में फांसी लगाकर दी जान

सूरजपुर, 20 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक प्रेम कहानी सामने आई है। यहां सड़क हादसे में प्रेमी की मौत के बाद उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका सदमे में चली गई। प्रेमी की मौत का दुख सहन नहीं कर पाने पर युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मामला करंजी चौकी क्षेत्र का है। दो दिन पहले वीरपाल नामक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। युवक की असमय मौत की खबर मिलने के बाद उसकी प्रेमिका गहरे सदमे में थी। परिजनों के मुताबिक, वह लगातार उदास रहती थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी।

बताया जा रहा है कि रविवार को युवती ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर करंजी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

 

 

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि युवती अपने प्रेमी की मौत से गहरे सदमे में थी और इसी मानसिक आघात के कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक सड़क हादसे ने पहले युवक की जान ले ली और फिर उसी दुख ने उसकी प्रेमिका की भी जिंदगी छीन ली। दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।

Share
पढ़ें   CM TODAY SCHEDULE : हनुमान जन्मोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर के नर्मदा कुंड मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना, जानें पूरा कार्यक्रम...