20 Oct 2026, Tue
Breaking

‘कांग्रेस के पास न नीति, न नीयत, न नेतृत्व’: डिप्टी CM अरुण साव का बड़ा हमला, NEET, UCC और स्मार्ट मीटर पर भी घेरा

सतीश शर्मा

रायपुर, 20 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने NEET परीक्षा विवाद, स्मार्ट मीटर, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), स्थानीय निकायों की CAG रिपोर्ट और विकास कार्यों को लेकर विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

NEET विवाद पर विपक्ष को घेरा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि NEET परीक्षा से जुड़े मामले में सरकार ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई। इसके बावजूद कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर सरकार की छवि खराब करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने मंसूबों में सफल नहीं होगा।

UCC पर आदिवासियों को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप

यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर कांग्रेस द्वारा आदिवासी समाज को नुकसान होने के आरोपों पर साव ने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आदिवासी समुदाय के अधिकारों पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित समिति लोगों से सुझाव लेकर सरकार को प्रारूप सौंपेगी। उनके अनुसार कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।

स्मार्ट मीटर और बिजली बिल पर दिया जवाब

स्मार्ट मीटर और बिजली बिल में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस के विरोध पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर नई तकनीक का हिस्सा हैं और इससे पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना तथ्यों के जनता को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

पढ़ें   CG में सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़: 4 लाख की इनामी नक्सली ‘रूपी’ ढेर, सुरक्षा बलों ने हथियार और गोला-बारूद किया जब्त

विकास कार्यों में भेदभाव के आरोपों को बताया निराधार

विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए राशि नहीं मिलने के आरोपों को खारिज करते हुए अरुण साव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरे छत्तीसगढ़ के समान विकास के लिए काम कर रही है। किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है और विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अविश्वास प्रस्ताव और भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार

संसद में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए साव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक भी ठोस प्रमाण पेश नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल साय सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र कर रहा है, जबकि प्रदेश में सुशासन और विकास के कार्य लगातार जारी हैं।

भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव पर तंज

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव के साथ आने की चर्चाओं पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में कब मतभेद होगा और कब मेल-मिलाप, इसका किसी को पता नहीं रहता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न स्पष्ट नीति है, न नीयत और न ही प्रभावी नेतृत्व।

CAG रिपोर्ट को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना

स्थानीय निकायों से जुड़ी CAG रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की कार्यशैली जनता देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति केवल सत्ता और परिवार तक सीमित रही, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed