22 Jul 2026, Wed

‘शिक्षा ही सफलता का मंत्र’: राजेश अग्रवाल ने नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत, शिक्षकों और वॉलेंटियरों का भी सम्मान

सतीश शर्मा

रायपुर, 21 जुलाई 2026

सरगुजा जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की उत्साहपूर्ण शुरुआत जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के साथ हुई। पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यालय की घंटी बजाकर नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया और उन्हें तिलक, पुष्पमाला तथा मिठाई के साथ विद्यालय में प्रवेश दिलाया। पूरे कार्यक्रम में शिक्षा, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज को शिक्षित बनाने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेश अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के बीच उपस्थित होकर उन्हें विद्यालय की नई शुरुआत के लिए प्रेरित करना अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता का मूल मंत्र है और यही व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास तथा समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। शासन का उद्देश्य केवल बच्चों का नामांकन कराना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय पहुंचे, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और अपने सपनों को साकार करे।

 

 

उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और ड्रॉपआउट की स्थिति समाप्त करने के लिए शासन लगातार प्रयास कर रहा है। विशेष रूप से सरगुजा जैसे जनजाति बहुल क्षेत्र में शिक्षा का महत्व और अधिक है। पहाड़ी कोरवा सहित विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों की उन्होंने सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा माता-पिता, गुरुजनों, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। वहीं अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बेटा-बेटी को समान अवसर देने की अपील की।

पढ़ें   कलिंगा विश्वविद्यालय में होली मिलन 2026: प्राध्यापक-स्टाफ ने खेलों और डीजे के साथ मनाया रंगों का उत्सव

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव बच्चों के मन से विद्यालय का भय दूर करने का प्रभावी माध्यम है। भरत सिंह सिसोदिया ने शिक्षकों से बच्चों को शिक्षा के साथ श्रेष्ठ संस्कार देने का आग्रह किया।

कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि भवनविहीन विद्यालयों के लिए भवन स्वीकृत किए गए हैं, विद्यार्थियों के जाति प्रमाणपत्र बनवाए गए हैं तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के बच्चों का उच्च कक्षाओं में प्रवेश सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को रायपुर के निजी कोचिंग संस्थानों में प्रवेश दिलाया गया है। जिले में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा तैयार की गई दीवार पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर कक्षा पहली, छठवीं और नवमी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, स्कूल बैग तथा अन्य अध्ययन सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत पात्र 21 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह योजना बालिकाओं को विद्यालय तक सहज पहुंच उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का भाव विकसित करती है।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार 2025-26 तथा 3 शिक्षकों को ज्ञान दीप पुरस्कार 2025-26 से सम्मानित किया गया। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया।

पढ़ें   खेत में बिछा था मौत का करंट: घेराबंदी करते वक्त मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत असाक्षरों को साक्षर बनाने में योगदान देने वाले वॉलेंटियरों को भी सम्मानित किया गया। सभी उपस्थित जनों ने साक्षरता की शपथ लेकर समाज में शिक्षा के प्रसार और निरक्षरता उन्मूलन का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि शासन, प्रशासन, शिक्षक, अभिभावक और समाज के सामूहिक प्रयास से ही प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाकर समृद्ध और शिक्षित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *