25 Oct 2026, Sun
Breaking

सूरजपुर में पुलिस पर पथराव: DSP समेत 24 से ज्यादा जवान घायल, भूमि अधिग्रहण विवाद में हिंसा; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

सूरजपुर, 24 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को SECL भूमि अधिग्रहण विवाद हिंसक हो गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में DSP राजेश जोशी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में SECL की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मुआवजा नहीं, बल्कि जमीन के बदले जमीन चाहिए। इसी मुद्दे पर पिछले दिनों सर्वे के लिए पहुंची टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया था और एक सर्वे दल को घेर लिया था। इसी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव में DSP राजेश जोशी सहित 24 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। कुछ पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सूरजपुर सहित आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

पढ़ें   रायपुर प्रेस क्लब के होली मिलन में रंगों की मस्ती: पत्रकारों संग झूमे मुख्यमंत्री साय, प्रेस क्लब के रिनोवेशन के लिए 1 करोड़ की सौगात

एएसपी योगेश देवांगन ने बताया कि भूमि अधिग्रहण विवाद के दौरान ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और घटना से जुड़े आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed