11 Sep 2026, Fri
Breaking

जगदलपुर में 4 साल की बच्ची का अपहरण: 16 घंटे बाद सकुशल मिली, नाकाबंदी देख मासूम को छोड़ भागा आरोपी

जगदलपुर, 27 जुलाई 2026

बस्तर जिले के जगदलपुर शहर में 4 वर्षीय बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 16 घंटे के भीतर मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, अपहरण का आरोपी पुलिस की नाकाबंदी देखकर बच्ची को नगरनार थाना क्षेत्र के मार्केल में छोड़कर फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के संजय बाजार से शुक्रवार शाम बच्ची का अपहरण किया गया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शहरभर में नाकाबंदी की गई और संजय बाजार सहित आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

 

 

जांच के दौरान पुलिस को बच्ची की लोकेशन नगरनार थाना क्षेत्र के मार्केल में मिली, जहां से उसे सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने अपहरण करने वाले युवक की पहचान कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन चोरी का अपराधी है और पहले भी कई चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

जगदलपुर सीएसपी सुमीत कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share
पढ़ें   अयोध्या धाम से लौटे श्रद्धालुओं से मिले विष्णु देव साय, बोले— सुदूर अंचलों तक आस्था पहुँचाना ही सच्ची जनसेवा