11 Sep 2026, Fri
Breaking

प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला: दूसरे रिश्ते के शक में गला रेता, आखिरी सांस से पहले खोला कातिल का राज

सूरजपुर, 27 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्रेम संबंध के शक ने एक 19 वर्षीय युवती की जान ले ली। रविवार रात नेहरू पार्क में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के गले पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू गले के आर-पार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती मदद के लिए कुछ दूर तक दौड़ी, लेकिन खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े (19) के रूप में हुई है, जो लटोरी की रहने वाली थी और सूरजपुर में एक अधिवक्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। रविवार शाम वह घर से निकलकर नेहरू पार्क पहुंची, जहां पहले से मौजूद आरोपी ने उस पर हमला कर दिया और बाइक से फरार हो गया।

घायल राधिका को पहले जिला अस्पताल और बाद में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गले में गंभीर चोट होने के कारण वह बोल नहीं पा रही थी। पुलिस पूछताछ के दौरान उसने इशारे से कागज और पेन मांगा तथा मरने से पहले आरोपी रितेश राजवाड़े का नाम लिखकर बताया।

घटना के बाद पुलिस ने पार्क और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर देर रात उसे हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी नशे की हालत में था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश और राधिका के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को शक था कि युवती का किसी अन्य युवक से भी संबंध है। इसी शक में उसने फोन कर राधिका को नेहरू पार्क बुलाया और चाकू से हमला कर दिया।

पढ़ें   विधानसभा सत्र से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक शुरू : बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर, राज्यहित के प्रस्तावों पर हो रही गहन मंथन

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed