बलौदाबाजार, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में मंगलवार तड़के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना दामाखेड़ा गांव के पास ओवरब्रिज की है। ट्रक में आग लगते ही चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई।
देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी ट्रक
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे दामाखेड़ा के पास चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद चालक और परिचालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।

दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। आग से ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया है। फिलहाल वाहन को सड़क से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यातायात प्रभावित न हो और किसी अन्य हादसे की आशंका से बचा जा सके।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि ट्रक में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक दिन पहले इसी मार्ग पर हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि सोमवार को इसी मार्ग पर सुबह करीब 5:30 बजे एक यात्री बस खड़े ट्रक से टकरा गई थी। इस दर्दनाक हादसे में चालक और हेल्पर समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 14 यात्री घायल हुए थे।
लगातार दो दिनों में इस मार्ग पर हुई घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सोमवार के हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से किनारे किया गया, ताकि यातायात सुचारू रहे और किसी अन्य दुर्घटना को रोका जा सके।


