रायगढ़, 01 अगस्त 2026।
ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ का छठवां दीक्षांत समारोह शनिवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका रहे। इस अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड के चेयरमैन एवं लोकसभा सांसद नवीन जिंदल, विश्वविद्यालय की चांसलर एवं जिंदल फाउंडेशन की चेयरपर्सन शालू जिंदल, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल, जिंदल स्टील रायगढ़ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देबोज्योति रॉय सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
दीक्षांत समारोह में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और स्कूल ऑफ साइंस के 688 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां प्रदान की गईं। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 84 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिनमें 27 स्वर्ण, 28 रजत और 29 कांस्य पदक शामिल हैं।

अपने संबोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान का उपयोग समाज और मानवता के कल्याण के लिए करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य करने का आह्वान किया, जो समाज के लिए स्थायी रूप से लाभकारी साबित हो। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपने ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों के दम पर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
लोकसभा सांसद नवीन जिंदल ने विद्यार्थियों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज देश को नवाचार, समस्या-समाधान क्षमता और आधुनिक तकनीकों में दक्ष युवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और उभरती तकनीकों में कौशल विकास पर जोर देते हुए कहा कि जिंदल स्टील उद्योग की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विश्वविद्यालय की चांसलर शालू जिंदल ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नए अवसरों और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रो. विजय कुमार गोयल ने विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी। वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर.डी. पाटीदार ने वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अधोसंरचना के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ अकादमिक प्रोसेशन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह का मुख्य आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों को पदक और सभी स्नातकों को उपाधि प्रदान करना रहा। अंत में कुलसचिव डॉ. अनुराग विजयवर्गीय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभिभावकों की उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।
टैग: रायगढ़, ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, दीक्षांत समारोह, राज्यपाल रमेन डेका, नवीन जिंदल, शालू जिंदल, शिक्षा, छत्तीसगढ़ न्यूज





