19 Sep 2026, Sat
Breaking

रांची छात्र आंदोलन में बातचीत की पहल: हेमंत सरकार का प्रस्ताव लेकर पहुंचे अफसर, CM आवास पर 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बुलावा

रांची, 05 अगस्त 2026

झारखंड की राजधानी रांची में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और राज्य सरकार के बीच गतिरोध खत्म करने की पहल शुरू हो गई है। जयपाल सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे छात्रों से बातचीत के लिए बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। सरकार की ओर से एसडीओ और एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) ने प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का वार्ता प्रस्ताव सौंपा।

अधिकारियों ने छात्रों से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बनाकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचने का आग्रह किया, ताकि उनकी मांगों पर सीधे चर्चा की जा सके। प्रशासन का कहना है कि सरकार छात्रों की सभी बातों को गंभीरता से सुनने और समाधान निकालने के लिए तैयार है।

हालांकि प्रदर्शनकारी छात्रों ने तुरंत फैसला लेने से इनकार करते हुए प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए दो घंटे का समय मांगा। छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बातचीत केवल छात्रों के प्रतिनिधियों के बीच ही होगी और बैठक के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं, उनकी जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और जांच एजेंसियां विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि बातचीत के दौरान कोई नया सुझाव सामने आता है तो सरकार उस पर भी गंभीरता से विचार करेगी। जरूरत पड़ने पर इस मामले में केंद्र सरकार से भी चर्चा की जा सकती है।

पढ़ें   शादी के 6 दिन बाद ही पति बना साजिश का शिकार : इंदौर की सोनम ने प्रेमी और उसके 3 दोस्तों संग मिलकर शिलांग में की राजा रघुवंशी की बेरहमी से हत्या

फिलहाल सभी की नजरें छात्रों के फैसले पर टिकी हैं। यदि छात्र प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलने के लिए तैयार होता है तो लंबे समय से जारी आंदोलन के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed