14 Aug 2026, Fri

CG में मुख्य सचिव से पहचान का झांसा, बेरोजगारों से लाखों की ठगी: बालोद में महिला गिरफ्तार, 7 लोगों को बनाया शिकार

बालोद, 30 जून 2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव की करीबी बताकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये वसूल रही थी। आरोपी महिला अब तक 7 लोगों से 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मुख्य सचिव से पहचान का देती थी झांसा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान लता धीवर (36 वर्ष), पति आकाश धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक-05 के रूप में हुई है। आरोपी लोगों को विश्वास दिलाती थी कि उसकी छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव से सीधी पहचान है और वह कृषि विभाग, जिला अस्पताल सहित विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी लगवा सकती है।

 

 

तीन लोगों से हाल ही में ठगे 5.50 लाख रुपये

जांच में सामने आया कि हाल ही में महिला ने तीन युवकों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये लिए थे। लंबे समय तक नियुक्ति नहीं होने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने बालोद पुलिस से शिकायत की।

7 लोगों से 25.50 लाख की ठगी का खुलासा

पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला अब तक 7 लोगों को अपना शिकार बना चुकी है और उनसे कुल 25 लाख 50 हजार रुपये वसूल चुकी है। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम महिला ने अपने पास रखने के बजाय अपने एक साथी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में ट्रांसफर की थी।

पढ़ें   36 साल की सेवाओं के बाद अपर संचालक जे.एल. दरियो को गरिमामय विदाई: जनसंपर्क विभाग में समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल रहे जवाहर लाल दरियो

साथी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब उस बैंक खाते की जांच कर रही है, जिसमें ठगी की रकम भेजी गई थी। साथ ही आरोपी महिला के सहयोगी की भी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं।

मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजी गई

पीड़ितों की लिखित शिकायत के आधार पर बालोद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed